CM Yogi targets Congress: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज 17 अक्टूबर 2026 शुक्रवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग मतदाताओं के जनादेश से होकर गुजरता है, न कि सड़क पर होने वाली अराजकता से। उन्होंने भारत में बांग्लादेश जैसी राजनीतिक उथल-पुथल पैदा करने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी भी दी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए CM योगी ने कहा 'लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनता के जनादेश से होकर गुजरता है, न कि अराजकता से। बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली ताकतें राष्ट्र निर्माण की मशाल युवाओं के हाथों में देने के बजाय अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं।' चुनाव आयोग और मतदाता सूची संशोधन को लेकर जारी प्रदर्शनों के बीच देश के लोकतांत्रिक ढांचे की मजबूती का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय लोकतंत्र को एक अटूट संस्था बताया।
CM योगी ने कहा 'चुनावी सुधार, न्याय के नारे और लोकतंत्र के आह्वान की आड़ में देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को यह समझना चाहिए कि भारत का लोकतंत्र जनता के भरोसे पर टिका एक विशाल बरगद का पेड़ है, जिसे साजिशों के तूफान हिला नहीं सकते।' आंदोलनों का नेतृत्व करने वालों को निशाना बनाते हुए मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश के युवाओं को संकीर्ण राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का मोहरा नहीं बनने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा 'हमारी युवा शक्ति भारत के भविष्य को संवारने के लिए है, न कि किसी की सत्ता की लालसा को पूरा करने के लिए। जनता ने राजनीति में इन छल-कपटों और खलनायकों को पहचान लिया है और उन्हें सत्ता से दूर रखा है। अब वे देश को अराजकता की आग में झोंककर सत्ता हथियाने की कोशिश कर रहे हैं। देश उनकी इस राजनीतिक साजिश को कभी सफल नहीं होने देगा।'
बता दें, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की ये टिप्पणी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं की तीखी आलोचनाओं के बाद आई है। इन नेताओं ने सामूहिक रूप से विपक्ष पर राजधानी दिल्ली में सुनियोजित 'अशांति फैलाने की राजनीति' करने का आरोप लगाया है। मालूम हो कि ये टिप्पणियां चुनाव आयोग के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के खिलाफ विपक्षी नेताओं, इंडिया ब्लॉक पार्टियों और छात्र संगठनों के लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच आई हैं।
Also read: 'इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र को सलाखों के पीछे डाला, राहुल ने संविधान को जेब में रखा...', राजनाथ सिंह ने खोले कांग्रेस के चार बड़े अपराधों की पोल