Pralhad Joshi Education Minister: NEET पेपर लीक मामले में देश भर में हुए व्यापक छात्र-नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बाद, नव नियुक्त केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने आज 26 जुलाई रविवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पदभार ग्रहण किया। बता दें, शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा धर्मेंद्र प्रधान का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है ‘प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार, भारत के राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत श्री धर्मेंद्र प्रधान का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार, राष्ट्रपति ने कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद जोशी को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अतिरिक्त शिक्षा मंत्रालय का प्रभार सौंपने का निर्देश दिया है।‘
Also read: राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, छात्र प्रदर्शन पर कार्रवाई और पेलेट गन के इस्तेमाल पर मांगा जवाब
प्रहलाद जोशी ने संभाला केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद
इस अवसर पर प्रहलाद जोशी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कहा ‘आज मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का मुझ पर विश्वास जताने और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं उनका आभारी हूं। मैं इसे विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ स्वीकार करता हूं।‘
बता दें, वर्तमान समय में कर्नाटक के धारवाड़ निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। इससे पहले वे कोयला, खान एवं संसदीय कार्य मंत्री रह चुके हैं।