
Raisen Rape Case: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक 6वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी सलमान खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह घटना 21नवंबर की है, जहां रायसेन जिले के गोहरगंज क्षेत्र में एक 6साल की मासूम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोपी सलमान ने उसे चॉकलेट का लालच देकर पास के जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को जंगल में बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसके बाद उसे ओबेदुल्लागंज अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे भोपाल के एम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चला। जानकारी के अनुसार, बच्ची अब ICU से बाहर है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है। लेकिन इस घटना ने स्थानीय समुदाय में गुस्सा पैदा कर दिया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बता दें, घटना के बाद रायसेन में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। सैकड़ों स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को ब्लॉक कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। एक स्थानीय महिला ने कहा 'हमें पीड़िता के लिए न्याय चाहिए। आरोपी को सजा मिलनी चाहिए।' तो वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस की नाकामी पर नाराजगी जताई और रायसेन के एसपी को हटा दिया। दो अन्य पुलिस अधिकारियों को भी निलंबित किया गया। आरोपी पर 30,000रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी और एनकाउंटर
पुलिस ने भोपाल के गांधीनगर इलाके में वार्ड 11के एक चाय स्टॉल से सलमान को गिरफ्तार किया। उसे रायसेन ले जाया जा रहा था, तभी किरत नगर गांव के पास पुलिस वाहन का टायर पंक्चर हो गया। इस मौके का फायदा उठाकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने चेतावनी दी, लेकिन आरोपी नहीं रुका, जिसके बाद मुठभेड़ हुई, इसी बीच सलमान के पैर में गोली लगी।
इसके बाद आरोपी को भोपाल के जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। गोहरगंज पुलिस की एसडीओपी शीला सुराना ने कहा कि आरोपी अस्पताल में है और ठीक होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पीड़िता का इलाज जारी है और परिवार को सुरक्षा प्रदान की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी हो रही है और न्याय की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।
Leave a comment