Somnath Amrit Mahotsav: अरब सागर के किनारे स्थित भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर में आज भक्ति और उत्साह की लहरें दौड़ रही हैं। आज मंदिर को 75 साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर सोमनाथ अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया। इस दौरान मंदिर में विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण हुआ। खास बात यह रही कि मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर पहली बार 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया गया, जिससे पूरी धरा पर 'हर-हर महादेव' की गूंज उठी।
Also read: दिल्ली में शुरू हुआ बिना रुके टोल सिस्टम, अब नहीं लगेगी लंबी लाइनें
PM मोदी ने की पूजा
बता दें, PM मोदी आज सोमवार सुबह सोमनाथ पहुंचे। हेलीपैड से मंदिर तक रोड शो के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने विशेष महापूजा की और शिखर कलश पर कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण किया। इस खास मौके पर स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया गया। मालूम हो कि सोमनाथ अमृत महोत्सव मंदिर के उद्घाटन (1951) की 75वीं वर्षगांठ के रूप में मनाया जा रहा है।
कुंभाभिषेक क्या है?
कुंभाभिषेक संस्कृत शब्दों 'कुंभ' (पवित्र कलश) और 'अभिषेक' (स्नान/अभिषेक) से मिलकर बना है। यह एक प्राचीन वैदिक अनुष्ठान है, जिसमें पवित्र जल, दूध, घी, शहद आदि से मंदिर के शिखर, गर्भगृह और विग्रह का अभिषेक किया जाता है। लेकिन खास बात यह है कि मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद यह पहली बार है, जब मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर 11 प्रमुख तीर्थों जैसे गंगा, यमुना, गोदावरी, कावेरी आदि के पवित्र जल से कुंभाभिषेक किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रों के साथ यह अनुष्ठान संपन्न हुआ और भक्तों ने 'हर-हर महादेव' के जयकारे भी लगाए। इसके अलावा मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराया गया। जो विजय, धर्म रक्षा और सनातन परंपरा की निरंतरता का प्रतीक है।