Delhi Pollution: सांसों पर संकट जारी...दिल्ली में कोहरे के साथ प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें, AQI 400+

Delhi Pollution: सांसों पर संकट जारी...दिल्ली में कोहरे के साथ प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें, AQI 400+

Delhi Fog and Pollution:देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 19 जनवरी की सुबह की शुरुआत घने कोहरे और जहरीली हवा के साथ हुई, जिसने निवासियों को दोहरी मुसीबत में डाल दिया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 418 से 483 तक पहुंच गया, जो 'सीवियर' श्रेणी में आता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घने कोहरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें सुबह के समय विजिबिलिटी जीरो से 100 मीटर तक सीमित रही। ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से स्थिति और बिगड़ी, जिससे हेल्थ एक्सपर्ट्स ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों को घर में रहने की सलाह दी है।

कितना है दिल्ली का AQI?

बता दें, आज सुबह 7 बजे के आसपास दिल्ली का AQI 418 रिकॉर्ड किया गया, आनंद विहार, अशोक विहार, बवाना, द्वारका सेक्टर-8, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला, पटपड़गंज, पंजाबी बाग, आरके पुरम, रोहिणी, सोनिया विहार, विवेक विहार और वजीरपुर जैसे इलाकों में AQI 450 से ऊपर रहा, जो 'सीवियर प्लस' कैटेगरी में आता है। इसके अलावा सफदरजंग में विजिबिलिटी सुबह 2:30 से 8:30 तक बहुत कम रही, जबकि पालम में यह 100 मीटर तक गिर गई।

PM2.5 का स्तर 471 और PM10 का 483 तक पहुंचा, जबकि अन्य प्रदूषक जैसे O3 (24), NO2 (37), SO2 (2) और CO (34) भी चिंताजनक रहे। यह जनवरी में पिछले दो सालों का सबसे खराब AQI है, जो दिसंबर 2025 के 461 के बाद इस सर्दी का दूसरा सबसे बुरा स्तर है। दूसरी तरफ, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-IV को लागू कर दिया है, जिसमें निर्माण कार्यों पर रोक, डीजल वाहनों पर प्रतिबंध और अन्य कदम शामिल हैं।

दिल्ली का तापमान

वहीं, अब तापमान की बात करें तो दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम 22 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। IMD ने येलो अलर्ट के तहत सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की चेतावनी दी है। यह स्थिति उत्तरी भारत में कोल्ड वेव का हिस्सा है, जिससे दिल्ली-NCR में फ्लाइट्स और ट्रेन्स में देरी हो रही है। कई जगहों पर विजिबिलिटी जीरो होने से यातायात प्रभावित हुआ और एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद्द या डिले हुईं।  

Leave a comment