Araria Road Accident: बिहार के अररिया जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक घर में शादी की खुशियां मातम में तब बदल गई, जब बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, छेका समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो बीड़ी पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी। गाड़ी में 7 लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति को किसी तरह बचा लिया गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि मरने वाले में चार नाबालिग शामिल हैं। इस हादसे के बाद घर में मातम छा गया।
कब-कहां हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह हादसा अररिया जिला के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में रात रात करीब 11:45 बजे हुआ। हादसे में शामिल सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड के थुमहा गांव के रहने वाले थे। जो अररिया के सिकटी स्थित भपटिया गांव में एक छेका कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद सभी लोग अपने घर की ओर लौट रहे थे, लेकिन वापसी के समय गाड़ी जब ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बीड़ी पुल के पास पहुंची, तभी अचानक ये हादसा हो गया। शुरुआत जानकारी के अनुसार, बीड़ी पुल के पास एक तीखे मोड़ पर गाड़ी तेज रफ्तार पर दौड़ रही थी, तभी गाड़ी चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी की रेलिंग तोड़ती हुई सीधे नीचे गहरे पानी में जा गिरी।
Also read: Bihar News: 21 नवंबर को नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे PM मोदी, CM सम्राट चौधरी ने तैयारियों का लिया जायजा
मौके पर 6 लोगों की मौत
इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग इकट्ठा हुए। लोगों ने मौके पर पहुंचते ही पुलिस को सूचना दी। लेकिन गहरे पानी में गिरने की वजह से गाड़ी में पानी भर गया, जिस वजह से दरवाजे नहीं खुल पाए और लोग अंदर ही फंंसे रहे। पुलिस भी सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरु किया। लेकिन तबतक छह लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि एक व्यक्ति को जिंदा बचा लिया गया, जिसे इलाज के लिए पहले अररिया सदर अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन हालात गंभीर होने की वजह से उसे पटना रेफर कर दिया गया।
दूसरी तरफ, मृतकों की पहचान कुंदन यादव (28), आर्यन (15), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), सौरभ (15) और यश कुमार (16) के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।