Haryana News: हरियाणा के करनाल में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को मेयर का निजी सहायक (पीए) बताकर लोगों से पैसे ऐंठ रहा था। आरोपी की पहचान कर्ण विहार निवासी ओम प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से करनाल नगर निगम की मेयर रेणु बाला गुप्ता का फर्जी पीए बनकर लोगों को ठग रहा था। वह लोगों से नगर निगम के काम जल्दी करवाने का झांसा देकर पैसे लेता था, लेकिन उनका काम नहीं होता था।
कब हुआ मामले का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब कई पीड़ित लोग मेयर के पास शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति मेयर का पीए बनकर उनसे पैसे ले रहा है। इसके बाद मेयर ने इस पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान कई ऐसे लोग सामने आए, जिन्होंने आरोपी को पैसे दिए थे लेकिन उनका काम नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी लोगों को सरकारी काम जल्दी कराने का झांसा देता था और पैसे लेकर गायब हो जाता था। पुलिस ने लगातार निगरानी रखते हुए आरोपी को शुक्रवार देर रात कमेटी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी रामलाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी काफी समय से इस तरह की ठगी कर रहा था। अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगा है और पैसे का इस्तेमाल कहां किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी ने कोई फर्जी दस्तावेज बनाकर उनका गलत इस्तेमाल तो नहीं किया।
मेयर ने की लोगों से की अपील
वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद मेयर रेणु बाला गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि किसी भी काम के लिए सीधे उनके कार्यालय में संपर्क करें। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनके नाम पर पैसे मांगता है, तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि ऐसे ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Also read: हरियाणा में अवैध निर्माण पर सख्ती, 20 हजार से ज्यादा इमारतों पर कार्रवाई की तैयारी