Kolkata News: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पहली घटना में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चचेरे भाई की बेटी बृष्टि मुखर्जी का शव मंगलवार सुबह उनके घर में मिला। वहीं, दूसरी घटना में धनियाखाली इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। पहली घटना रामपुरहाट थाना क्षेत्र के कुसुंबा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बृष्टि मुखर्जी का शव घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे में मिला। परिवार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद रामपुरहाट थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
आत्महत्या का लग रहा मामला
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत की सही वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होने की उम्मीद है। बृष्टि मुखर्जी का नाम पहले भी चर्चा में आ चुका है। प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में उन पर कथित तौर पर अवैध तरीके से नौकरी पाने के आरोप लगे थे। इसके अलावा उनके पति के साथ तलाक का मामला भी चल रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
धनियाखाली में भी हुआ हादसा
वहीं, दूसरी घटना धनियाखाली के सोमासपुर दुलेपाड़ा इलाके की है। यहां किराए के मकान में रहने वाले एक परिवार के तीन सदस्य मृत मिले। पड़ोसियों को परिवार के लोग लगातार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं दे रहे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मकान अंदर से बंद था। पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर 52 वर्षीय उत्तम चैन, उनकी 45 वर्षीय पत्नी रूपा चैन और 17 वर्षीय बेटी अंकिता चैन मृत मिले। पुलिस के मुताबिक, तीनों एक कमरे में फंदे से लटके मिले। जांच के दौरान पुलिस को घर से कथित तौर पर सुसाइड नोट भी मिले। इनमें चार लोगों के नाम लिखे होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने चारों लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और मौत की पूरी वजह पोस्टमार्टम तथा अन्य जांच के बाद स्पष्ट होगी।
Also read: Oracle में फिर छंटनी की तैयारी, भारत में हजारों कर्मचारियों पर पड़ सकता है असर