Asian Para Games 2026: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को भारत के पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी नितेश कुमार ने पुरुषों के सिंगल्स SL3 फाइनल में हमवतन और पूर्व पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस मुकाबले में नितेश ने सीधे गेम में 21-18, 21-16 से जीत दर्ज की। वहीं, प्रमोद भगत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। इस तरह भारत ने SL3 कैटेगरी में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक अपने नाम किए।
बैडमिंटन में भारत को एक और बड़ी सफलता मिली। नवीन शिवकुमार ने पुरुषों के सिंगल्स SL4 फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। नवीन ने 36 मिनट तक चले मुकाबले में 21-9, 21-17 से जीत दर्ज की। उनके इस प्रदर्शन से भारत के पदकों की संख्या में एक और गोल्ड जुड़ गया।
पैरा आर्चरी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी का कमाल
पैरा तीरंदाजी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की जोड़ी ने पुरुषों की रिकर्व डबल्स स्पर्धा में चीन को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। मुकाबले का पहला सेट 35-35 से बराबर रहा, लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने 37-36 और 38-36 से अगले दोनों सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। दबाव के बीच भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को एक और स्वर्ण पदक दिलाया।
भारत को बैडमिंटन और पैरा एथलेटिक्स में सिल्वर
महिला एकल SH6 बैडमिंटन फाइनल में भारत की निथ्य श्री सुमति सिवन को चीन की ली फेंगमेई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ली फेंगमेई ने 21-12, 21-13 से मुकाबला जीतकर गोल्ड हासिल किया, जबकि निथ्य श्री को सिल्वर मेडल मिला।
वहीं, पैरा एथलेटिक्स में निमिषा चक्कुंगपरम्बिल ने महिलाओं की लंबी कूद T47 स्पर्धा में 5.37 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर रजत पदक जीता। दूसरी ओर, प्रमोद भगत ने पुरुषों की 1500 मीटर T46 स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल हासिल किया। उन्होंने 4 मिनट 9.65 सेकंड का समय निकाला और 2022 हांग्जो पैरा गेम्स में जीता अपना पदक बरकरार रखा।
98 पदकों के साथ चौथे स्थान पर भारत
एशियन पैरा गेम्स 2026 में इन उपलब्धियों के साथ भारत की पदक तालिका में कुल 98 मेडल हो गए हैं। इनमें 24 गोल्ड, 32 सिल्वर और 42 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर बना हुआ है।