
Maharashtra Election Result 2024:महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति 220सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो एक अभूतपूर्व सफलता है। इस पर मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। शिंदे ने इसे "लैंडस्लाइड विजय" करार दिया और कहा कि महायुति को जनता से बंपर बहुमत मिला है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर शिंदे ने कहा कि अंतिम चुनाव परिणामों के बाद महायुति की तीनों पार्टियां मिलकर यह निर्णय लेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया,"ज्यादा सीटों का जीतना सीएम बनने का कारण नहीं है। हम सभी मिलकर निर्णय करेंगे।"
जनाधार के लिए किया शुक्रिया अदा
शिंदे ने महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं, किसानों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों का धन्यवाद किया। शिंदे ने कहा, "महायुति की नीतियों पर जनता ने भरोसा जताया है, और इसी कारण हमें भारी समर्थन मिला है।"
शिंदे ने कहा कि महायुति की कार्यशैली को जनता ने स्वीकार किया। "हमारे कार्यकर्ताओं का धन्यवाद, जिन्होंने इस जीत को संभव बनाया," उन्होंने कहा। इसके साथ ही उन्होंने ठाकरे परिवार पर तंज करते हुए कहा, "ठाकरे परिवार को अपनी राजनीति पर आत्ममंथन करना चाहिए, क्योंकि वे हमेशा आरोपों की राजनीति करते हैं।"
प्रधानमंत्री मोदी का किया आभार व्यक्त
शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि मोदी ने महायुति को हमेशा सहयोग और मदद दी। उन्होंने कहा, "आगे के फैसले हम सब मिलकर तय करेंगे।"
Leave a comment