LPG Cylinder Rule: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य के लोगों के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार अब पात्र लाभार्थियों को हर साल तीन LPG सिलेंडर की कीमत के बराबर 3,000 रुपये की आर्थिक मदद देगी। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस योजना की शुरुआत 9 सितंबर से होगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गुरुवार को पणजी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से योजना के लिए आवेदन फॉर्म 5 सितंबर से उपलब्ध कराए जाएंगे। लोग ये फॉर्म अपनी संबंधित ग्राम पंचायतों या अपने क्षेत्र के विधायकों के पास से ले सकेंगे।
2022 में किया गया था वादा- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे का हिस्सा है। चुनाव के समय उन्होंने राज्य के लोगों को हर साल तीन LPG सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराने का वादा किया था। अब सरकार इस वादे को आर्थिक सहायता के जरिए पूरा करने जा रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सालाना 3,000 रुपये उनके बैंक खातों में दिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस राशि से लाभार्थी एक साल में तीन LPG सिलेंडर खरीदने का खर्च पूरा कर सकेंगे। जिन लोगों को इस योजना का लाभ लेना है, उन्हें आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
कैसे मिलेगा योजना का लाभ?
मुख्यमंत्री ने बताया कि आवेदन करने वाले लाभार्थियों को बैंक पासबुक, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड की प्रतियां जमा करनी होंगी। दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लोगों के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जाएगी। सरकार की इस घोषणा से गोवा के उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू बजट पर दबाव महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से योजना का लाभ लेने के लिए समय पर आवेदन करने की अपील की है।
Also read: जंतर-मंतर पर कार्रवाई को लेकर स्वतंत्र भारद्वाज का बड़ा दावा, वायरल वीडियो को बताया ‘फर्जी’