
Haryana New Ring Road: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र के समग्र विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी। इस राशि से शहर में रिंग रोड की सुविधा जल्द उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
सीएम ने दी थी जानकारी
सीएम नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी दी थी कि केंद्र सरकार से मिली यह राशि कुरुक्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और पर्यटन को बढ़ावा देने में खर्च की जाएगी। इससे शहर का स्वरूप और अधिक आधुनिक और आकर्षक बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र की धरती से इसे वैश्विक पहचान दिलाने की बात कही थी। उसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक कुरुक्षेत्र पहुंच रहे हैं। धार्मिक नगरी होने के साथ-साथ कुरुक्षेत्र को भव्य और दर्शनीय बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
विदेशी पर्यटकों मिलेगी मदद
सीएम सैनी ने बताया कि ज्योतिसर में महाभारत काल की घटनाओं पर आधारित एक विशेष अनुभव केंद्र लगभग तैयार हो चुका है। इस केंद्र में आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाभारत और श्रीकृष्ण के संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इससे युवाओं और विदेशी पर्यटकों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने में मदद मिलेगी।
किसे मिलेगा फायदा
सरकार का कहना है कि इस परियोजना से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का भी विस्तार होगा। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते होटल, व्यापार और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। खासतौर पर धार्मिक आयोजनों, मेलों और पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। रिंग रोड के माध्यम से बाहरी और भारी वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना ही वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा।
Leave a comment