E20 Fuel Policy: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति के विरोध में बड़ा ऐलान किया है। केजरीवाल ने कहा कि वह 4 अगस्त (मंगलवार) को 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास की ओर मार्च करेंगे और E20 नीति के खिलाफ दो लाख से ज्यादा लोगों द्वारा हस्ताक्षरित याचिकाएं सौंपेंगे। केजरीवाल ने यह घोषणा शनिवार को नई दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20 कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन अभियान के जरिए अब तक दो लाख से अधिक लोगों ने इस नीति के खिलाफ हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने इन हस्ताक्षरों की प्रिंट कॉपी तैयार कर ली है, जिसे प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा।
केजरीवाल ने लोगों से अपील की
केजरीवाल ने कहा कि मंगलवार 4 अगस्त को दोपहर 12 बजे मैं खुद प्रधानमंत्री आवास की ओर जाऊंगा। मेरे साथ केवल 100 लोग होंगे, जो लाठी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो इस मार्च में शामिल होना चाहते हैं, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। AAP नेता ने E20 पेट्रोल नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति लोगों पर जबरदस्ती लागू की जा रही है। केजरीवाल ने दावा किया कि E20 पेट्रोल से वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और वाहन मालिकों पर अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।
E20 नीति को लेकर तीन प्रमुख मांगें
AAP संयोजक ने E20 नीति को लेकर तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग है कि पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को शुद्ध पेट्रोल और E20 पेट्रोल में से चुनाव का विकल्प दिया जाए। दूसरी मांग है कि शुद्ध पेट्रोल की कीमत E20 पेट्रोल से कम रखी जाए। तीसरी मांग है कि पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम की जाए। केजरीवाल ने दावा किया कि इथेनॉल पेट्रोल से महंगा पड़ता है और इससे विदेशी मुद्रा बचाने का दावा सही नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इथेनॉल प्लांट के आसपास रहने वाले किसानों को पानी की कमी, प्रदूषण और जमीन खराब होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर लगाया आरोप
उन्होंने E20 नीति को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि यह फैसला अमेरिका को फायदा पहुंचाने के लिए लिया गया है। हालांकि, केंद्र सरकार पहले ही इन आरोपों को खारिज कर चुकी है और कहा है कि E20 पेट्रोल पर वैज्ञानिक परीक्षण किए गए हैं। सरकार के अनुसार, इससे बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने के प्रमाण नहीं मिले हैं।
सौरभ भारद्वाज का दावा
कार्यक्रम से पहले संविधान क्लब के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि वहां रैपिड एक्शन फोर्स, CRPF और दिल्ली पुलिस के बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए थे। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने भी E20 नीति के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया। फिलहाल E20 पेट्रोल नीति को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्माने की संभावना है।
Also read: E20 पेट्रोल नीति पर अरविंद केजरीवाल का हमला, बोले- मंत्रालय कहता है दो तरह की बातें