Karnataka News: कर्नाटक के बेलगावी शहर में गणेश उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। चावहटगल्ली इलाके में सोमवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि घर में आग रेफ्रिजरेटर के फटने के बाद लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गजानन दामोने (65), रोशन दामोने (21), शारदा दामोने (45) और भारती रादामोने (50) के रूप में हुई है। वहीं, प्रिया दामोने (28) और गंगा दामोने (25) आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।