Kal ka Mausam 14 August 2026: दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 और 15 अगस्त को व्यापक बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की गतिविधियां अब तेज होने के लिए मौसम अनुकूल हो रहा है। 13 अगस्त से ही कई इलाकों में बारिश बढ़ने की संभावना है, जबकि 14 अगस्त से कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 17 अगस्त तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। IMD ने लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। खासकर बाहर यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति देखकर ही अपनी योजना बनाने को कहा गया है।
मौसम में इस बदलाव की वजह
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर बना नया कम दबाव का क्षेत्र है। यह सिस्टम 12 अगस्त को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट के पास विकसित हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, इसके आगे मजबूत होकर अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने और फिर डिप्रेशन का रूप लेने की संभावना है। इसके अलावा मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। इसकी वजह से देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश भी हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, कर्नाटक, कोंकण और गोवा, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता
बारिश के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता अलग-अलग इलाकों में अलग रही। आनंद विहार में AQI 262 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में है। वहीं IIT दिल्ली में AQI 140, रोहिणी में 132, पंजाबी बाग में 124, आरके पुरम और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 122-122, चांदनी चौक में 120 और अशोक विहार में 114 दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। दूसरी ओर शादिपुर, JNU, आया नगर, NSUT जाफरपुर, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ITO और DTU समेत कई स्थानों पर हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ रही। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश बढ़ सकती है। ऐसे में दिल्ली-NCR के लोगों को जलभराव और ट्रैफिक जैसी समस्याओं को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Also read: Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, उमस भरी गर्मी के बीच बारिश ने दी दस्तक