Haryana News: हरियाणा के जींद जिले से खेल जगत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। नंदगढ़ गांव के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का बुधवार सुबह 27 साल की उम्र में निधन हो गया। परिवार के अनुसार, सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है।
मोहित के अचानक निधन की खबर से उनके परिवार, गांव और कबड्डी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मोहित अपनी शानदार रेडिंग के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर हरियाणा और पंजाब में आयोजित कई बड़ी कबड्डी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया और कई पुरस्कार व ट्रॉफियां जीतीं।
विदेशों में भी खेली थी कबड्डी
मोहित ने देश के अलावा विदेशों में भी कबड्डी खेली थी। वह दुबई, कनाडा और इंग्लैंड में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे। इन प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और कई ट्रॉफियां अपने नाम कीं। वह जाने-माने कबड्डी खिलाड़ी शीलू बलहारा के साथ भी खेल चुके थे। मोहित ने करीब 10 साल की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था। गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश के मार्गदर्शन में उन्होंने स्टेडियम में अभ्यास शुरू किया। बचपन से ही उन्हें कबड्डी का काफी शौक था। पढ़ाई और दूसरी जिम्मेदारियों के साथ कबड्डी उनके रोजमर्रा के जीवन का अहम हिस्सा बन गई थी।
खेल के दौरान लगी थी चोट
हाल ही में मोहित को खेल के दौरान चोट लग गई थी। इसके बाद उनका ऑपरेशन हुआ था और वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे थे। परिवार और उनके साथी खिलाड़ियों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद उन्होंने दोबारा अभ्यास शुरू कर दिया था। उनका लक्ष्य जल्द ही पूरी तरह फिट होकर कबड्डी के मैदान पर वापसी करना था। उनके साथी खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि मोहित जल्द ही फिर से प्रतियोगिताओं में खेलते नजर आएंगे। लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत गंभीर हो गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोहित दलाल अविवाहित थे। महज 27 साल की उम्र में उनके निधन से खेल जगत ने एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को खो दिया है। उनके निधन पर गांव और कबड्डी से जुड़े खिलाड़ियों ने गहरा दुख जताया।
Also read: Haryana News: विनोद पन्नू हत्याकांड में नया मोड़, सोशल मीडिया पोस्ट से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा, जानें कौन है वो