येचुरी के निधन के बाद परिवार ने लिया बड़ा निर्णय, पार्थिव शरीर को किया जाएगा AIIMS को डोनेट

येचुरी के निधन के बाद परिवार ने लिया बड़ा निर्णय, पार्थिव शरीर को किया जाएगा AIIMS को डोनेट

Sitaram Yechury: सीपीआई(एम) के महासचिव सीताराम येचुरी का गुरुवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। येचुरी का निधन दोपहर 3:05 बजे हुआ। उनके परिवार ने उनके पार्थिव शरीर को AIIMS को डोनेट करने का निर्णय लिया है।

येचुरी को 19 अगस्त को एक्यूट रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति गंभीर थी और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। एम्स के बयान के अनुसार, फेफड़ों में संक्रमण और मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हुआ।

सीताराम येचुरी की अंतिम यात्रा

सीताराम येचुरी का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके वसंत कुंज स्थित आवास पर ले जाया जाएगा। इसके बाद, शुक्रवार शाम 6 बजे पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। एम्स प्रशासन के अनुसार, अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को फिर से एम्स को सौंप दिया जाएगा।

भारतीय वामपंथ के प्रमुख नेताओं में से एक थे सीताराम येचुरी

सीताराम येचुरी भारतीय वामपंथ के प्रमुख नेताओं में से एक थे और उन्होंने सीपीआई(एम) का नेतृत्व उस समय किया जब पार्टी का भारतीय राजनीति में प्रभाव कम हो रहा था। वे हमेशा मानते थे कि भले ही सीपीआई(एम) का संसद और विधानसभा में प्रतिनिधित्व कम हो, लेकिन पार्टी का देश के एजेंडा तय करने में महत्वपूर्ण रोल है।

सिर्फ राजनेता ही नहीं...अर्थशास्त्री और लेखक भी थे सीताराम

सीताराम येचुरी सिर्फ एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक कार्यकर्ता, अर्थशास्त्री, पत्रकार और लेखक भी थे। उन्होंने राजनीतिक दस्तावेज तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1996 में, उन्होंने कांग्रेस के नेता पी चिदंबरम के साथ मिलकर यूनाइटेड फ्रंट गवर्नमेंट के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार किया। वे लंबे समय तक अखबारों में स्तंभ लिखते रहे और कई महत्वपूर्ण किताबें लिखीं, जिनमें 'लेफ्ट हैंड ड्राइव', 'यह हिन्दुत्व राष्ट्र क्यों है', 'घृणा की राजनीति', '21वीं सदी का समाजवाद', 'डायरी ऑफ फ्रीडम मूवमेंट', 'द ग्रेट रीवोल्ट: अ लेफ्ट अप्रेज़ल', और 'ग्लोबल इकोनॉमिक क्राइसिस: अ मार्कसिस्ट पर्सपेक्टिव' शामिल हैं।

Leave a comment