क्या BJP में शामिल होंगे झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन? 4-5 विधायकों के साथ पहुंचे दिल्ली

क्या BJP में शामिल होंगे झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन? 4-5 विधायकों के साथ पहुंचे दिल्ली

Champai Soren News: झारखंड के पूर्व सीएम और जेएमएम नेता चंपई सोरेन आज बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। वह अपने कुछ विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचे हैं। बीजेपी नेताओं से मुलाकात के बाद वह दोपहर 3 बजे बीजेपी मुख्यालय में पार्टी में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, चंपई एयर इंडिया की फ्लाइट (0769) से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। चंपई लगातार शिवराज सिंह चौहान के संपर्क में हैं।

शिवराज झारखंड के चुनाव प्रभारी हैं। जिन झामुमो विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है उनमें दशरथ गागराई, रामदास सोरेन, चमरा लिंडा, लोबिन हेम्ब्रोम, समीर मोहंती के नाम शामिल हैं। ये सब चंपई के साथ बताया जा रहा है।

कल रात ही कोलकाता पहुंच गए थे चंपई

चंपई कल रात ही कोलकाता पहुंच गए थे। वह कोलकाता के पार्क होटल में ठहरे थे। देर रात उन्होंने वहां बीजेपी नेताओं से मुलाकात की। आज सुबह उनकी कोलकाता से दिल्ली के लिए फ्लाइट थी। कल यानी शनिवार को चंपई ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया था। पूर्व सीएम ने कहा था कि मुझे अटकलों के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। हम जहां हैं वहीं हैं।

हम जहां हैं वहीं हैं- चंपई सोरेन

कल जब उनसे सवाल पूछा गया कि बीजेपी में शामिल होने की खबरों में कितनी सच्चाई है? इस पर उन्होंने कहा, हमें इस बारे में कुछ नहीं पता। क्या सच है, क्या झूठ है। हम जहां हैं वहीं ठीक हैं। उन्होंने इस खबर को सिरे से खारिज कर दिया और आज खबर आई कि वह चार-पांच विधायकों के साथ दिल्ली पहुंच रहे हैं।

चुनाव से पहले जेएमएम में बगावत

झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले जेएमए में बगावत शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि सीएम पद से हटाए जाने के बाद से ही चंपई नाराज चल रहे हैं। जमीन घोटाला मामले में हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद उन्हें सीएम बनाया गया था। जमानत मिलने के बाद जब हेमंत सोरेन जेल से बाहर आये तो उन्होंने फिर से सीएम की कुर्सी पर कब्जा कर लिया।

Leave a comment