
Pawan Khera On SEBI Chief: कांग्रेस पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान SEBI (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। खेड़ा ने कहा कि देश में एक तरह से शतरंज का खेल चल रहा है और प्रश्न उठाया कि इस खेल के खिलाड़ी कौन हैं। उन्होंने माधबी पुरी बुच को एक प्रमुख मोहरा बताया और उनके वित्तीय लेन-देन पर गंभीर सवाल उठाए।
SEBI के प्रमुख की नियुक्ति पर सवाल
पवन खेड़ा ने दावा किया कि माधबी पुरी बुच, जो पहले SEBI की सदस्य थीं और 2 मार्च 2022 को चेयरपर्सन बनीं, उनकी नियुक्ति प्रधानमंत्री और गृहमंत्री द्वारा की गई थी। SEBI, जो शेयर बाजार को विनियमित करता है, उनके प्रमुख की नियुक्ति में कैबिनेट की नियुक्ति समिति की भूमिका होती है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होते हैं।
खेड़ा ने यह भी कहा कि 2017 और 2024 के बीच, माधबी पुरी बुच को ICICI बैंक से 16.8 करोड़ रुपये की नियमित आय प्राप्त हुई। यह उनके पूर्णकालिक SEBI सदस्य होने के दौरान हुआ, जिससे सवाल उठता है कि एक SEBI सदस्य ICICI बैंक से क्यों वेतन ले रही थीं।
ICICI बैंक और SEBI की संबद्धता पर सवाल
पवन खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि माधबी पुरी बुच ने एक साथ तीन जगहों से सैलरी प्राप्त की—ICICI बैंक, ICICI प्रुडेंशियल और SEBI। उन्होंने पूछा कि इस संबंध में कैबिनेट की नियुक्ति समिति के सामने ये तथ्य आए थे या नहीं। इसके अलावा, उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बात की जानकारी थी कि SEBI की चेयरपर्सन एक ऐसा ऑफिस ऑफ प्रॉफिट पर बैठी हैं, जिससे ICICI से सैलरी प्राप्त कर रही हैं और SEBI के मामलों में निर्णय ले रही हैं।
कांग्रेस ने किए PM मोदी से सवाल
पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निम्नलिखित सवाल किए:
-SEBI के प्रमुख की नियुक्ति के लिए क्या मानदंड होते हैं?
-क्या नियुक्ति के समय ACC के सामने ये तथ्य पेश किए गए थे?
-क्या प्रधानमंत्री को यह जानकारी थी कि SEBI की चेयरपर्सन एक ऑफिस ऑफ प्रॉफिट पर बैठी हैं और ICICI से सैलरी ले रही हैं?
-क्या PMको पता है कि SEBI की चेयरपर्सन ICICI के कई मामलों पर निर्णय ले रही हैं?
-इतनी सारी जानकारी के बावजूद माधबी पुरी बुच को कौन बचा रहा है?
खुलासे का वादा
पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी कहा कि ICICI के कई मामलों में SEBI की भूमिका रही है और उन पर अभी भी फैसला होना बाकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी नए इंडिया के साथ नई कांग्रेस की छवि पेश कर रही है और कई खुलासे करने का वादा किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले ही घोषणा की थी कि आज सुबह 11:30 बजे एक महत्वपूर्ण खुलासा किया जाएगा।
Leave a comment