‘शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाने नहीं दिया जाएगा’, असम गैंगरेप के आरोपी की मौत पर गांववालों का फैसला

‘शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाने नहीं दिया जाएगा’, असम गैंगरेप के आरोपी की मौत पर गांववालों का फैसला

Assam Gangrape: असम गैंगरेप के मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस सुबह करीब चार बजे आरोपी तफज्जुल को घटनास्थल पर ले जा रही थी। वहीं, आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन डूबने से उसकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस हिरासत से भागने के दौरान दुर्घटना का शिकार

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी तफजुल इस्लाम को सुबह करीब 4 बजे अपराध स्थल पर ले जाया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और तालाब में कूद गया। पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन करीब दो घंटे की तलाशी के बाद उसका शव बरामद हुआ।

आरोपियों के गांव वालों ने शव दफनाने से किया इनकार

आरोपी तफजुल इस्लाम के गांव वालों ने उसका शव दफनाने से इनकार कर दिया है। आरोपी बोरभेटी गांव का रहने वाला था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि आरोपी के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाने नहीं दिया जाएगा और न ही गांव का कोई व्यक्ति उसके अंतिम संस्कार में शामिल होगा। ग्रामीणों का कहना है कि तफज्जुल ने गांव का नाम खराब कर दिया है। गांव के लोगों ने सामूहिक बलात्कार की घटना के विरोध में गांव की मस्जिद तक मार्च भी निकाला।

नाबालिग से किया था दुष्कर्म

असम के नगांव जिले के ढिंग में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार किया गया। पीड़िता गुरुवार की शाम ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आये तीन आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। आरोपी पीड़िता को बेहोशी की हालत में तालाब के पास सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने घटना की जांच कर एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। रेप की इस घटना से लोगों में गहरा आक्रोश था और इसके खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की।

Leave a comment