
US-Israel-Iran Tensions:अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया है, जिसके बाद मिडिल-ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है। कई देश इस घटनाक्रम से प्रभावित हुए हैं। इस बीच भारत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल की घटनाओं को लेकर भारत बेहद चिंतित है। मंत्रालय ने सभी देशों से तनाव बढ़ाने से बचने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है। भारत ने ये भी दोहराया कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।
युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं- भारत
भारत ने साफ कहा है कि किसी भी विवाद का समाधान बातचीत और कूटनीति से निकाला जाना चाहिए। युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है। भारत का मानना है कि संवाद के जरिए ही स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है।
एस जयशंकर ने जताई गहरी चिंता
इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इजरायल और ईरान के विदेश मंत्रियों से अलग-अलग बातचीत की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने इजरायल के विदेश मंत्री Gideon Sa’ar से बात कर तनाव कम करने और बातचीत को आगे बढ़ाने की अपील दोहराई। इसके अलावा उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री Seyyed Abbas Araghchi से भी फोन पर चर्चा की और क्षेत्र में हालिया घटनाओं पर भारत की गहरी चिंता जताई।
भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी
ईरान में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने नागरिकों से अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी है। साथ ही कहा गया है कि सभी लोग खबरों पर नजर रखें और दूतावास के निर्देशों का पालन करें।
इसी तरह इजरायल में रह रहे भारतीयों के लिए भी परामर्श जारी किया गया है। उन्हें हर समय सतर्क रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत की कोशिश है कि हालात और न बिगड़ें और बातचीत के जरिए शांति का रास्ता निकले।
Leave a comment