Haryana News: हरियाणा के बवानी खेड़ा के सामान्य नागरिक अस्पताल में भर्ती अपने परिजन से मिलने आए एक युवक को आधा दर्जन युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। युवक को बाहर बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। दोनों घायलों को पहले बवानीखेड़ा के सामान्य नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भिवानी के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच में शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, घायल युवक अस्पताल में भर्ती अपने परिवार के सदस्य से मिलने आया था। आरोप है कि अस्पताल के बाहर बैठे कुछ युवकों ने उसे फोन कर बाहर बुलाया और वहां पहले से मौजूद आधा दर्जन युवकों ने सामान्य हथियारों से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान युवक का दोस्त उसे बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद होने के बावजूद मूकदर्शक बनी रही और समय रहते बीच-बचाव नहीं किया। उनका कहना है कि हमलावर एक गाड़ी में सवार होकर आए थे और वारदात के बाद फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। ईआरवी इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि उन्हें शराब ठेके के पास झगड़े की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने तक कोई झगड़ा नहीं मिला। पुलिस ने दोनों घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। वही पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। दोनों घायल बवानीखेड़ा के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने मामले कि जांच शुरू कर दी है।