
नई दिल्ली: भारत को 2023 FIH पुरुष विश्व कप के लिए मेजबान देश के रूप में नामित किया गया था।जो 13 जनवरी, 2023 से 29 जनवरी, 2023 तक होने वाला है। यह निर्णय अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के कार्यकारी बोर्ड द्वारा लिया गया था।लेकिन अब वहीं इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) हॉकी इंडिया का संचालन कर रही प्रशासकों की समिति को लिखकर चुनाव कराने के लिए कहेगा, ताकि जनवरी में ओडिशा में होने वाले पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी गंवानी नहीं पड़े। एफआईएच कार्यकारी बोर्ड ने स्पेन के टेरेसा में महिला वर्ल्ड कप के दौरान हुई बैठक में यह फैसला लिया।
एफआईएच ने कहा कि, एफआईएच हॉकी इंडिया प्रशासकों की समिति को पत्र लिखकर भारत में हॉकी का संचालन करने वाली इकाई के चुनाव जल्दी कराने के लिए कहेगा, ताकि भुवनेश्वर और राउरकेला में जनवरी 2023 में होने वाले एफआईएच पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी सुरक्षित रहे।अब कार्यकारी बोर्ड की अगली बैठक 3 नवंबर को होगी, जिसके बाद 4 और 5 नवंबर को एफआईएच की वर्चुअल कांग्रेस होगी। इसमें फिर हॉकी इंडिया पर बात की जाएगी. दिल्ली उच्च न्यायालय ने मई में हॉकी इंडिया के संचालन के लिए 3 सदस्यीय प्रशासकों की समिति की नियुक्ति की थी। अदालत ने भारत के पूर्व खिलाड़ी असलम शेर खान की याचिका पर यह व्यवस्था दी थी। खान ने हॉकी इंडिया के आजीवन सदस्य के तौर पर भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा की नियुक्ति को चुनौती दी थी। अदालत ने कहा था कि आजीवन सदस्य के तौर पर बत्रा की नियुक्ति और सीईओ के तौर पर एलेना नॉर्मन की नियुक्ति अवैध है।
साउथ अफ्रीका को मिली मेजबानी
इस बीच दक्षिण अफ्रीका को एफआईएच इंडोर वर्ल्ड कप की मेजबानी दी गई है, जो कोरोना महामारी के कारण स्थगित हो गया था। यह प्रिटोरिया में 5 से 11 फरवरी के बीच होगा। इसमें भी कई देशों के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। कोरोना के कारण कई टूर्नामेंट को स्थगित करने पड़े थे।पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप की बात की जाए तो, पाकिस्तान ने सबसे अधिक 4 बार खिताब पर कब्जा किया है। नीदरलैंड्स और ऑस्ट्रेलिया ने 3-3 बार टाइटल अपने नाम किया। वहीं जर्मनी की टीम 2 बार चैंपियन बनी। भारतीय टीम ने एकमात्र बार 1975 में वर्ल्ड कप जीता है। इसके अलावा बेल्जियम की टीम भी एक बार खिताब जीत चुकी है।
Leave a comment