हरियाणा पुलिस की सख्ती...67 हरियाणवी गाने हुए बैन, हिट लिस्ट में हैं ये गायक

हरियाणा पुलिस की सख्ती...67 हरियाणवी गाने हुए बैन, हिट लिस्ट में हैं ये गायक

Haryana Police Action: हरियाणा में कानून व्यवस्था और समाज पर नकारात्मक असर डालने वाले गानों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (HTF) ने 29 गायकों की एक सूची तैयार की है, जिनके 67 गानों को आपत्तिजनक मानते हुए प्रतिबंधित कर दिया गया है। इन गानों पर बंदूक संस्कृति, अपराध, गैंगस्टरों का महिमामंडन और कानून-व्यवस्था का मजाक उड़ाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटवाने की कार्रवाई

एसटीएफ इन गानों को यूट्यूब, अमेजन म्यूजिक, स्पॉटिफाई, गाना और जियो सावन जैसे बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटवाने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे गाने युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहे हैं और समाज पर बुरा असर डाल रहे हैं। एसटीएफ की सूची के अनुसार सबसे ज्यादा 19 आपत्तिजनक गाने गायक मासूम शर्मा के हैं। इसके अलावा नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया के छह-छह गाने बैन किए गए हैं। आशु ट्विंकल के आठ और मनीषा शर्मा के सात गाने भी सूची में शामिल हैं। खास बात यह है कि प्रतिबंध से पहले इन गानों को सोशल मीडिया पर लाखों और करोड़ों बार देखा जा चुका है।

अपराध को मिल रहा बढ़ावा

पुलिस के अनुसार, कोर्ट में गोली नामक गाना खुलेआम कानून और न्याय व्यवस्था को चुनौती देता है। पिछले नौ महीनों में इस गाने को यूट्यूब पर 3.2 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। इसी तरह ‘ट्यूशन बदमाशी’, ‘60 मुकदमे’ और ‘तालिबान’ जैसे गानों में अपराध, हथियार और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप है।

गायकों ने दी अपनी प्रतिक्रिया

गायक गजेंद्र फोगाट ने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि फिल्म और गाने हमारी संस्कृति और सभ्यता को दिखाते हैं, इसलिए उनमें गलत संदेश नहीं होना चाहिए। वहीं, गायक मासूम शर्मा ने कहा कि सरकार के साथ हैं, लेकिन पूरे देश में अश्लीलता और गन कल्चर फैलाने वाले गानों पर एक समान कार्रवाई होनी चाहिए। हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि प्रतिबंधित गाने युवाओं को अपराध और गन कल्चर की ओर आकर्षित कर रहे थे। पुलिस ऐसे कंटेंट पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि गानों में दिखाई जाने वाली चीजें असली जिंदगी में सही नहीं होतीं और ऐसे रास्ते अंत में पुलिस तक ही ले जाते हैं।

Leave a comment