
Delhi Weather: उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली और आसपास के राज्यों में पिछले कई दिनों से शीत लहर का प्रकोप जारी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए दिल्ली समेत पांच राज्यों में ठंड और कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का ये इलाका रहा सबसे ठंडा
गुरुवार, 15 जनवरी को दिल्ली का पालम इलाका सीजन का सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। खास बात यह है कि पालम में इतना कम तापमान साल 2010 के बाद पहली बार दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो राजधानी का दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कंपकंपाने वाली सर्दी और बहुत घने कोहरे का यह दौर अभी कुछ दिन और जारी रहेगा। दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भीषण ठंड और घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 15 जनवरी को देश के मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा ठंड हरियाणा के हिसार में पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर सिर्फ 0.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। वहीं, उत्तराखंड के पंतनगर में 0.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन राज्यों में शीतलहर जारी
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अगले दो दिनों तक शीत लहर जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली में 16 जनवरी की शाम से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण आसमान में बादल छाने की संभावना है। इससे कोहरे में थोड़ी कमी आएगी। आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Leave a comment