Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। नेशनल हाईवे-334बी पर गांव हरसाना के पास स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने मौके से काबू कर खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात खरखौदा निवासी दीपक को फोन कर बदमाशों ने 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। फिरौती की मांग नंदू गैंग के नाम पर की गई थी। धमकी देने के करीब आधे घंटे बाद दो बदमाश बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर खांडा रोड स्थित दीपक के कार्यालय पहुंचे और वहां फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। कार्यालय पर फायरिंग की सूचना मिलते ही स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस ने नेशनल हाईवे-334बी पर गांव हरसाना के पास दोनों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
बदमाशों की हुई पहचान
घायल आरोपियों की पहचान भटाना निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर खरखौदा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 3 देशी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फिरौती, फायरिंग तथा नंदू गैंग के नाम के इस्तेमाल समेत वारदात से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।