HARYANA NEWS: हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे मूलभूत मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। सिरसा सहित प्रदेश के अनेक जिलों में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं की राजनीति कर रही है, जबकि धरातल पर विकास दिखाई नहीं देता है। कुमारी शैलजा आज सिरसा के रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद मीडिया से रूबरू हो रही थी।
सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि सिरसा जिले में हर जगह लोग विकास कार्यों की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की ओर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सिरसा में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं करवाया। सड़कों, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में यही हालात हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही।
सिरसा जिले के स्कूलों की हालत भी चिंताजनक है – सैलजा
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिरसा जिले के स्कूलों की हालत भी चिंताजनक है। सरकारी स्कूलों में पर्याप्त स्टाफ नहीं है, भवन जर्जर हैं और विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से कमजोर कर दिया है। युवाओं को न तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है और न ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। हरियाणा कभी रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी माना जाता था, लेकिन आज प्रदेश पेपर लीक और बेरोजगारी के कारण बदनाम हो चुका है।
नीट परीक्षा लीक पर बोलीं कुमारी सैलजा
नीट परीक्षा रद्द होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारी शैलजा ने केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरी तरह से फेलियर सामने आया है। देश भर के लाखों विद्यार्थियों ने मेहनत करके परीक्षा की तैयारी की, लेकिन सरकार की लापरवाही के कारण उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में असफल रही है।
उन्होंने कहा कि पहले हरियाणा पेपर लीक मामलों की राजधानी बन गया था और अब पूरा देश ही पेपर लीक मामलों से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को नौकरी देना तो दूर, उनकी परीक्षाएं भी सुरक्षित नहीं कर पा रही। युवाओं में भविष्य को लेकर असुरक्षा बढ़ रही है और सरकार इस पर गंभीरता से काम करने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी कुमारी शैलजा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी तो पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने शुरू हुए हैं और इसका असर आने वाले समय में आम जनता पर और अधिक पड़ेगा। महंगाई बढ़ेगी, परिवहन महंगा होगा और खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी इजाफा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने ईंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।