Rohtak Gangwar: हरियाणा के रोहतक में देर रात खूनी गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब साढ़े 12 बजे पांच बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर ढाबे पर पहुंचे। उस समय चारों युवक वहां बैठकर खाना खा रहे थे। बदमाशों ने पहुंचते ही युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए वहां मौजूद लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए।
खाने की टेबल पर ही तीन युवकों ने तोड़ा दम, चौथे को दौड़ाकर मारी गोली
फायरिंग इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जान बचाने के लिए एक युवक ढाबे से बाहर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से भून डाला। इस तरह हमले में चार युवकों की जान चली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए कई मिनट तक घटनास्थल पर घूमते रहे और फिर मौके से फरार हो गए।
मृतकों में तीन झज्जर के डीघल गांव के रहने वाले
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, मृतकों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।