
चंडीगढ़: हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा है कि प्रदेश में सौर ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऊर्जा विभाग द्वारा प्रदेश की नहरों पर सौलर पैनल के जरिये पावर प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। फतेहाबाद ब्रांच पर भी सौलर पैनल लगाए जाने का प्रस्ताव है।
बिजली मंत्री फतेहाबाद के लघु सचिवालय में आयोजित जिला विकास एवं निगरानी समिति (डी प्लान) बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि बिजली उत्पादन के लिए प्रदेश में चार जगहों पर पराली आधारित प्लांट लगाए जाएंगे। इनमें फतेहाबाद में भी एक प्लांट लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन प्लांट्स में न केवल बिजली का उत्पादन होगा बल्कि कम्प्रेस्ड बायोगैसभी उत्पादित की जाएगी।
हरियाणा के बिजली रणजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास एवं निगरानी समिति (डी प्लान) की बैठक 14करोड़ 86लाख रुपये के कार्यो को स्वीकृति प्रदान की गई।बिजली मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य तय समय में ही पूरे कर लिए जाएं ताकि ग्रांट लैप्स न हो। विकास कार्यों में गुणवत्ता बरकरार रखी जाए। विभाग के अधिकारी डी-प्लान के तहत करवाए जाने वाले निर्माण कार्यों में तेजी दिखाएं और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करें।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल स्थापित करते हुए डी प्लान के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को गंभीरता से पूरा करवाएं। अगर कहीं पर कोई समस्या आती है तो उनके संज्ञान में लाया जाए। जिला विकास योजना के तहत वित्त वर्ष 2022-23में विभिन्न विकास कार्यों पर 14करोड़ 86लाख 32हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
Leave a comment