Haryana News: हरियाणा के पलवल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक 29 सितंबर की शाम अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों को उसकी स्कूटी और शव मिलने की सूचना मिली। जिसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अपने बेटे हर्ष के रूप में की।
जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय हर्ष अपने परिवार के साथ रहता था। 29 सितंबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपनी स्कूटी नंबर HR-30-AA-2463 लेकर घर से निकला था। बताया गया कि वह करीब 10 से 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार हर्ष के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके चलते परिवार उसकी तलाश को लेकर चिंतित हो गया। इसके बाद 30 सितंबर को परिवार को फोन के जरिए सूचना मिली कि हर्ष की स्कूटी एपेक्स अस्पताल के महज नजदीक मिली है और वहां एक व्यक्ति का शव भी पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हर्ष के रूप में की।
परिवार ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम करवाकर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि फिलहाल परिवार को किसी व्यक्ति पर कोई शक नहीं है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।