Karnal Encounter: हरियाणा के करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के महज कुछ घंटों बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया। देर रात पश्चिमी यमुना नहर बाईपास पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी पश्चिमी यमुना नहर बाईपास से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की। जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही आईजी करनाल, एसपी करनाल, सीआईए और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। और अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में मुख्य आरोपियों का अंत हो गया है।
गोली मारकर की गई थी हत्या
आपको बता दें कि बुधवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी पर जा रहे बीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था।