Haryana News: हरियाणा के हिसार में देर रात गोलीबारी की वारदात सामने आई है। कैमरी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दो लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से हरिता गांव निवासी नरेश नागल उर्फ सुटला की मौत हो गई, जबकि बयानाखेड़ा निवासी धर्मबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। धर्मबीर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वारदात देर रात कैमरी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि नरेश और धर्मबीर वहां मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात लोगों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
आरोपियों की तालाश शुरू
पुलिस के मुताबिक, मृतक नरेश नागल उर्फ सुटला के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इसी वजह से पुलिस प्रारंभिक जांच में हत्या को गैंगवार या आपसी रंजिश से जोड़कर भी देख रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।