HARYANA NEWS: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसे न तो छात्रों की चिंता है और न ही शिक्षा व्यवस्था से कोई सरोकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए हर मुद्दे पर माहौल गर्म करने की कोशिश करता है। विज ने कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ तमाशा देखना और जहां भी विवाद हो, उसे और भड़काना है।
अनिल विज ने सोनम वांगचुक के अनशन का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक करीब 20 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे, लेकिन उस दौरान राहुल गांधी उनसे मिलने नहीं पहुंचे। विज ने आरोप लगाया कि विदेश दौरे से लौटने के बाद राहुल गांधी को सबसे पहले इस मुद्दे पर जाना चाहिए था, लेकिन अब वे केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से वहां पहुंचे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर तीखा तंज कसते हुए कहा, "विपक्ष सारा दिन पेट्रोल का कनस्तर लेकर घूमता है। जहां भी आग लगी होती है, वहां पेट्रोल डालकर उसे और भड़काने का काम करता है।" उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह हर आंदोलन और विवाद का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करता है।
विज ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन में उपद्रवी तत्वों को शामिल करने की कोशिश की गई, ताकि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को हिंसक बनाया जा सके। उनके अनुसार, विपक्ष देश में अशांति फैलाने की राजनीति कर रहा है, लेकिन देश की जनता उसकी मंशा को अच्छी तरह समझती है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।