Haryana News: हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस सांसद और उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली से पहले कथित तौर पर रैली स्थल के शुद्धिकरण को लेकर भाजपा और RSS पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे के अनुसूचित जाति से होने के कारण रैली स्थल का दो दिन पहले शुद्धिकरण किया गया। सैलजा ने इसे भाजपा और RSS की ओछी एवं जातिवादी मानसिकता का प्रतीक बताया।
कुमारी सैलजा जींद में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल के निवास पर उनकी माता के निधन के बाद शोक व्यक्त करने पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।सैलजा ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और इससे भाजपा व RSS की जाति आधारित सोच उजागर होती है। उन्होंने कहा कि आजादी के करीब 80 साल बाद भी देश में जाति को लेकर इस तरह की मानसिकता का मौजूद रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कुमारी सैलजा ने केंद्र की मोदी सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक और किसानों के मुद्दे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार की तलाश में सड़कों पर हैं और लगातार पेपर लीक होने से उनमें निराशा बढ़ रही है। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार “सरेंडर मोड” में है। अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि ट्रेड डील को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और इसे किसानों के साथ धोखा बताया। कैथल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के कार्यक्रम के दौरान उनके सुरक्षा कर्मी द्वारा वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र पुरी के साथ कथित बदसलूकी के मामले पर भी कुमारी सैलजा ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार पत्रकारों और प्रेस की आजादी पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि पत्रकार स्वतंत्र होकर काम करें और जनता की आवाज उठाएं। सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र में दो स्तंभ बेहद महत्वपूर्ण हैं विपक्ष और प्रेस। उनके आरोप के अनुसार भाजपा दोनों को कुचलने का काम कर रही है।सैलजा ने कहा कि आज हर वर्ग परेशान है। न शिक्षा की उचित व्यवस्था है, न स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त हैं और न ही युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध का बोलबाला है और व्यापारियों और डॉक्टरों से फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी दावे हवाई हैं और अब भाजपा की डबल इंजन सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है।