HARYANA NEWS: झज्जर में बजरंग पूनिया ने हरियाणा सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल, माता-पिता से की खास अपील

HARYANA NEWS: झज्जर में बजरंग पूनिया ने हरियाणा सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल,  माता-पिता से की खास अपील

HARYANA NEWS: हरियाणा के झज्जर में बजरंग पूनिया अपने पैतृक गांव खुड्डन में आयोजित कुश्ती दंगल कार्यक्रम में पहुंचे,जहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। गांव में उनके आगमन पर युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दंगल में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और कार्यक्रम उत्सव जैसा माहौल लिए रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दीपेंद्र सिंह हुड्डा,जो रोहतक लोकसभा से कांग्रेस सांसद हैं,और बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान बजरंग पूनिया ने हरियाणा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब वे टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतकर लौटे थे,तब हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके गांव में इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी यह घोषणा पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय पर जवाब देना चाहिए और खिलाड़ियों से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। पूनिया ने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है,लेकिन सुविधाओं के अभाव में कई होनहार खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। यदि बेहतर खेल ढांचा और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हों तो ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

बजरंग पूनिया ने की खास अपील

बजरंग पूनिया ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और कहा कि खेल ही युवाओं को सही दिशा दे सकता है। साथ ही उन्होंने माता-पिता से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें और उन्हें खेलों के लिए प्रोत्साहित करें।

Leave a comment