चुनाव आयोग ने हरियाणा में बदली चुनाव की तारीख, अब 1 की जगह 5 अक्टूबर को होगा मतदान, जानें वजह

चुनाव आयोग ने हरियाणा में बदली चुनाव की तारीख, अब 1 की जगह 5 अक्टूबर को होगा मतदान, जानें वजह

Haryana Election: चुनाव आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों में बदलाव किया है। अब हरियाणा में मतदान 1 अक्टूबर की बजाय 5 अक्टूबर को होगा। इसके अलावा, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर दोनों राज्यों की मतगणना की तारीख भी बदल दी गई है। पहले 4 अक्टूबर को होने वाली मतगणना अब 8 अक्टूबर को होगी।

त्योहारों और परंपराओं का सम्मान

चुनाव आयोग ने यह निर्णय त्योहारों और स्थानीय परंपराओं का सम्मान करने के लिए लिया है। आयोग ने बयान जारी करते हुए कहा कि बिश्नोई समुदाय के मतदान अधिकार और परंपराओं का सम्मान करने के लिए तारीखों में बदलाव किया गया है। बिश्नोई समुदाय हर साल आसोज अमावस्या को गुरु जम्बेश्वर की याद में उत्सव मनाता है, और इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

BJPऔर INLDकी मांग पर फैसला

BJPऔर इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) ने चुनाव आयोग से तारीख बदलने की मांग की थी। दोनों दलों ने आयोग से अनुरोध किया था कि चुनाव की तारीख (1 अक्टूबर) को आगे बढ़ाया जाए, क्योंकि यह तारीख सप्ताहांत, सार्वजनिक छुट्टियों और धार्मिक त्योहारों से टकरा रही है। उनका कहना था कि 29 और 30 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कारण अवकाश रहेगा, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है।

कांग्रेस और अन्य दलों का विरोध

वहीं, कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी (JJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव की तारीख बदलने का विरोध किया था। इन दलों का कहना है कि BJPअपनी संभावित हार से डर रही है, इसलिए तारीख बदलने की मांग की जा रही है।

हरियाणा में एक ही चरण में होगा मतदान

हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। पहले मतदान की तारीख 1 अक्टूबर तय की गई थी, लेकिन अब इसे बदलकर 5 अक्टूबर कर दिया गया है। मतगणना की नई तारीख भी 8 अक्टूबर तय की गई है, जो पहले 4 अक्टूबर पर निर्धारित थी।

हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल और पिछला चुनाव

हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी के गठबंधन ने राज्य सरकार बनाई और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने। बाद में समीकरण बदले और नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया।

Leave a comment