Haryana Board Result: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने कक्षा 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। लंबे इंतजार के बाद करीब 2.95 लाख विद्यार्थियों का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। इस साल बोर्ड परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 84.67 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया है। बोर्ड के अनुसार छात्राओं का पास प्रतिशत 87.97 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 81.45 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियों ने लड़कों से 6.52 प्रतिशत ज्यादा सफलता हासिल की है।
कितने छात्र-छात्राएं हुए सफल?
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 12वीं परीक्षा में कुल 2,42,856 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 2,05,618 छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं, जबकि 10,498 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे। विषयवार परिणाम की बात करें तो विज्ञान संकाय का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। विज्ञान वर्ग का पास प्रतिशत 90.08 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं कॉमर्स संकाय का परिणाम 88.20 प्रतिशत और कला संकाय का पास प्रतिशत 82.60 प्रतिशत रहा।
चरखी दादरी के बच्चे रहे सबसे आगे
जिलों के प्रदर्शन में चरखी दादरी ने सबसे अच्छा परिणाम दिया है। वहीं नूंह जिला सबसे नीचे रहा। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि इस बार परीक्षा व्यवस्था को पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया गया था। स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम भी जारी कर दिया गया है। इस श्रेणी में कुल 2,642 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 1,838 परीक्षार्थी पास हुए। स्वयंपाठी छात्रों का कुल पास प्रतिशत 69.57 प्रतिशत रहा।
कब हुई थी परीक्षा आयोजित
हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं इस साल फरवरी और अप्रैल के बीच आयोजित हुई थीं। प्रदेशभर में 1431 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां करीब 5 लाख 66 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे पुनर्मूल्यांकन या उत्तर पुस्तिका की पुनः जांच के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए रिजल्ट घोषित होने की तारीख से 20 दिनों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र आगे की पढ़ाई और करियर की तैयारी में जुट गए हैं।
Also read: अब सफर में नहीं होगी को परेशानी, हरियाणा की जनता को अनिल विज ने दिया बड़ा तोहफा