Haryana News: हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस पर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर महानायक राव तुलाराम और देश के तमाम ज्ञात-अज्ञात वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। रेवाड़ी के नाईवाली चौक स्थित शहीदी स्मारक पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने पहुंच राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनकी शहादत को नमन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने रेवाड़ी एम्स को लेकर बड़ा अपडेट दिया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कार्यक्रमों में खुद को लेकर लग रहे भावी मुख्यमंत्री' के नारों पर भी अपनी दो टूक बात कही ।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शहीदी स्मारक पहुंच राव तुलाराम की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित किए और वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम हमारे देश की अमूल्य धरोहर हैं। 1857 से लेकर आज तक देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले हमारे वीर जवान भारत की आन-बान और शान हैं। हरियाणा सरकार ने आज के दिन सरकारी अवकाश घोषित कर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। इस बार राव तुलाराम का शहीदी दिवस अहीरवाल की सीमाओं से बाहर निकलकर पहली बार हांसी की ऐतिहासिक धरती पर भी भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आज के दिन मै और आरती राव शहीदों को नमन करने हांसी जा रहे हैं।
वहीं, रेवाड़ी में बन रहे एम्स को लेकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्रवासियों को बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि एम्स का काम तेजी पर है और जल्द ही यहां ओपीडी सेवाएं और मेडिकल की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी, जिससे पूरे दक्षिण हरियाणा सहित आसपास के राज्यों को बड़ा लाभ मिलेगा।
सार्वजनिक मंचों और कार्यक्रमों में समर्थकों द्वारा खुद को भावी मुख्यमंत्री लगने वाले नारों पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह लोगों की भावनाएं हैं। लोग अक्सर भावनाओं में बह जाते हैं। मुझे सक्रिय राजनीति में आए अभी सिर्फ दो साल का वक्त हुआ है। आने वाले समय में अगर पार्टी संगठन कोई जिम्मेदारी देता है तो वह तब की बात है, अभी ऐसा कुछ भी नहीं है।