Harbhajan Singh Security: आम आदमी पार्टी (AAP) में अंदरूनी खींचतान की खबरों के बीच पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पंजाब सरकार ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब उनके पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है। हरभजन सिंह के निजी सहायक मनदीप सिंह के अनुसार, सरकार ने अचानक उनकी पूरी पुलिस सुरक्षा हटा ली। उनके घर के बाहर तैनात 9 से 10 सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया गया है। साथ ही उन्हें दी गई सरकारी पायलट कार भी वापस ले ली गई है।
पुलिस पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब हाल ही में भाजपा में शामिल हुए एक नेता ने दावा किया कि AAP के कई राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं। इन संभावित नेताओं में हरभजन सिंह का नाम भी सामने आया है। हालांकि, हरभजन सिंह ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इससे पहले उनके घर के बाहर दीवार पर ‘पंजाब का गद्दार’ लिखे जाने की घटना भी सामने आई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग स्प्रे पेंट से यह लिखते दिखे। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी पर भी सवाल उठे।
AAP कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
शनिवार को AAP कार्यकर्ताओं ने भी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर सख्त बयान देते हुए उन्हें ‘गद्दार’ बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं ने पार्टी और जनता दोनों का भरोसा तोड़ा है। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह पंजाब के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि AAP एक मजबूत पार्टी है और कुछ नेताओं के जाने से कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ेगा। फिलहाल, हरभजन सिंह की चुप्पी और सुरक्षा हटाए जाने से राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और स्पष्टता आने की उम्मीद है।
Also read: हरभजन सिंह के घर पर सियासी घमासान, बीजेपी में जाने पर AAP कार्यकर्ता ने किया बवाल