Haryana News: हरियाणा के अंबाला छावनी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस दिन घर में बेटे का जन्मदिन मनाया जाना था, उसी दिन हादसे में उसके पिता की जान चली गई। टांगरी पुल पार लाइटों के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला अंबाला छावनी के टांगरी पुल पार लाइटों के नजदीक का है, जहां एक बाइक सवार पवन कुमार जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, वह रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच हुई टक्कर को देखा। हादसे के तुरंत बाद उसने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
वहीं, महेशनगर थाना पुलिस के मुताबिक, उन्हें बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर होने की सूचना मिली थी। हादसे में बाइक चालक पवन कुमार की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।