BSP on UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां जोरों-शोरों पर है। इस बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने आज 21 सितंबर 2026 सोमवार को सुल्तानपुर विधानसभा सीट से अपने तीसरे उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। बसपा प्रमुख मायावती की सहमति से सुल्तानपुर विधानसभा सीट (188) से इम्तियाज अहमद भुट्टो को प्रभारी और प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसकी जानकारी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने दी है।
बता दें, इससे पहले पार्टी ने लंभुआ विधानसभा सीट से शैलेंद्र सिंह और जयसिंहपुर सदर से मधुबाला वर्मा को प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारा गया है। विश्वनाथ पाल ने दावा किया है कि पार्टी बसपा प्रमुख के हर फैसले में साथ देगी। इसके अलावा बसपा ने मऊ की घोसी विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा नेता अजय जायसवाल और आगरा की खेरागढ़ विधानसभा सीट से नीरज रावत को प्रभारी और प्रत्याशी बनाया गया है।
Also read: 'अगर भाजपा को रोकना हैं तो...', UP चुनाव से पहले ओवैसी का गठबंधन ऑफर; जानें विपक्षी दलों से क्या कहा
समाजवादी पार्टी के PDA रथ पर मायावती का वार
मालूम हो कि इससे पहले मायावती ने समाजवादी पार्टी के PDA रथ के नारे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने चुनावी हितों को ध्यान में रखते हुए इस शब्द का अर्थ बदल दिया है। इस मुद्दे पर मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने SP के प्रस्तावित 'PDA रथ' के रंग संयोजन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें पार्टी के पारंपरिक लाल रंग की जगह भगवा रंग का अधिक उपयोग किया गया है, जिसे उन्होंने RSS और BJP से जोड़ा।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह बदलाव चुनावी रणनीति का हिस्सा है और क्या समाजवादी पार्टी (एसपी) मुस्लिम वोट हासिल करने में अपना विश्वास खो चुकी है। उन्होंने लिखा 'समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख द्वारा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए प्रचारित 'पीडीए रथ' में पार्टी का विशिष्ट लाल रंग कम और RSS/BJP का भगवा रंग अधिक दिखाई दे रहा है।परिणामस्वरूप, लोग इस बात पर बहस कर रहे हैं कि क्या यह केवल चुनावी स्वार्थ से प्रेरित गिरगिट की तरह रंग बदलना है, या एसपी प्रमुख ने मुस्लिम वोट हासिल करने में अपना विश्वास खो दिया है।'