Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए 8 बड़े एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। इनके बनने से दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद से लेकर अलवर तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी। सोहना रोड, हीरो होंडा चौक से लेकर राजीव चौक तक ये प्रोजेक्ट तैयार हो रहे हैं, जो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-अलवर हाईवे से सीधे जुड़ेंगे।
1. छह लेन का सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर
सोहना चौक पर 2.75 किमी लंबे 6 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है, जिसका बजट 340 करोड़ है। यह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से शुरू होगा। इसके बनने से राजीव चौक से सोहना तक का 22 किमी का सफर जो अभी 1 से डेढ़ घंटे में तय होता है, वो सिर्फ 15-20 मिनट में पूरा होगा। ये एक्सेस कंट्रोल्ड होगा।
2. सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) एलिवेटेड कॉरिडोर
न्यू गुरुग्राम का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। NH-48 से वाटिका चौक तक 4.2 किमी लंबा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर 775 करोड़ की लागत से बन रहा है। इससे द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे और सोहना रोड के बीच हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी।3. बख्तावर चौक डबल डेकर कॉरिडोर
यह गुरुग्राम का पहला डबल-डेकर प्रोजेक्ट है। पहले लेवल पर 6 लेन एलिवेटेड रोड और दूसरे लेवल पर मेट्रो दौड़ेगी। बख्तावर चौक के भीषण जाम से स्थायी छुटकारा मिलेगा।
4. राजीव चौक पर 2 नए फ्लाईओवर
NHAI यहां दो नए फ्लाईओवर बना रहा है। राजीव चौक गुरुग्राम का सबसे बड़ा ट्रैफिक प्वाइंट है, यहां NH-48, सोहना रोड और ओल्ड गुरुग्राम का ट्रैफिक मिलता है।
5. एमजी रोड एलिवेटेड कॉरिडोर
अंधेरिया मोड़ से दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर तक 4.5 किमी लंबा एलिवेटेड रोड बन रहा है। इससे एमजी रोड के मॉल और मेट्रो स्टेशनों वाला जाम खत्म होगा।
6. हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक
लगभग 2.25 किमी लंबा एलिवेटेड रोड दिल्ली-जयपुर हाईवे को सीधे पटौदी रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।
Also read: किलर लुक में भारत की सड़कों पर दिखेगी Harley Davidson Sprint 440, जानें कीमत और माइलेज
7. कृष्णा चौक पर तीन लेयर का कॉरिडोर
ओल्ड दिल्ली रोड पर यह अनोखा प्रोजेक्ट है। नीचे सर्विस रोड, बीच में फ्लाईओवर-अंडरपास और सबसे ऊपर मेट्रो रूट होगा। पालम विहार और उद्योग विहार के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
8. दिल्ली-फरीदाबाद एलिवेटेड बायपास
AIIMS से महिपालपुर तक 20 किमी का एलिवेटेड रोड और नेल्सन मंडेला मार्ग से गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को जोड़ने के लिए टनल और एलिवेटेड हाईवे बन रहा है।
क्यों फायदेमंद है ये प्रोजेक्ट?
सोहना रोड से रोज 50 हजार से ज्यादा गाड़ियां दूध, फल-सब्जियां लेकर गुजरती हैं। इन कॉरिडोर से माल ढुलाई आसान होगी, ईंधन बचेगा और सोहना के सेक्टर 33, 66, 67, 68, 69 में प्रॉपर्टी की मांग बढ़ेगी।