Uttarakhand Officer Transfer: उत्तराखंड में शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) और सचिवालय सेवा के कई अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। इस आदेश के तहत कुल 31 से अधिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया गया है। IAS स्तर पर पांच अधिकारियों के पद बदले गए हैं। बंशी लाल राणा को नया खाद्य आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी IAS आनंद स्वरूप के पास थी। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार IAS रुचि मोहन रयाल से अपर आयुक्त, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले का पद वापस ले लिया गया है। वह अब अपर सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के पद पर कार्यरत रहेंगी।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
IAS प्रकाश चंद से संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी का पदभार वापस लिया गया है। वहीं, IAS गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी और IAS दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत की जिम्मेदारी दी गई है। PCS अधिकारियों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नरेंद्र सिंह से कुलसचिव, आयुर्वेद विश्वविद्यालय का पद वापस लेकर यह जिम्मेदारी शिव कुमार बरनवाल को दी गई है। प्रकाश चंद्र दुमका को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है, जबकि उनके अन्य पद यथावत रहेंगे। अवधेश कुमार को संयुक्त निदेशक, शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
कई जिलाधिकारियों की तैनाती बदली गई
कई जिलों में अपर जिलाधिकारियों की भी तैनाती बदली गई है। शैलेंद्र सिंह को टिहरी गढ़वाल, वैभव गुप्ता को हरिद्वार और सौरभ असवाल को नैनीताल का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, मनीष कुमार से डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार का पद वापस ले लिया गया है। इसके अलावा कई PCS अधिकारियों को नए जिलों में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, चंपावत, टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ शामिल हैं।
सचिवालय सेवा में भी बदलाव किया गया है। नंदन सिंह डुंगरियाल को सचिव, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की जिम्मेदारी दी गई है। इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Also read: महिला आरक्षण बिल पर विवाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात देश को करेंगे संबोधित