सोने और चांदी के दाम में लगातार दिख रहा गिरावट, जानें क्या है नया रेट

सोने और चांदी के दाम में लगातार दिख रहा गिरावट, जानें क्या है नया रेट

Gold-Silver Prices: सोने और चांदी के दाम में लगातार गिरावट देखने को मिल रहा है। कमोडिटी मार्केट में रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद चांदी सस्ती होती नजर आई। बीते दो दिनों में चांदी के भाव में आई तगड़ी गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है। चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली है, हालांकि सोने में गिरावट चांदी के मुकाबले कम रही है। 

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार को 5 मार्च वायदा के लिए चांदी के दामों में करीब 9,000 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इसके बाद गुरुवार को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। शाम 7:35 बजे तक चांदी के रेट में 14,000 रुपये से ज्यादा की और गिरावट आ चुकी थी। फिलहाल MCX पर चांदी 2,36,552 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है।

MCX पर चांदी का हाल

अगर रिकॉर्ड स्तर की बात करें तो MCX पर चांदी ने हाल ही में 2,59,692 रुपये प्रति किलो का ऑल-टाइम हाई बनाया था। वहां से अब तक चांदी के दाम करीब 23,000 रुपये टूट चुके हैं। यानी सिर्फ दो दिनों में निवेशकों को भारी झटका लगा है। सोने के दामों में भी कमजोरी देखने को मिली है। MCX पर 5 फरवरी वायदा के लिए 10 ग्राम सोने का भाव बुधवार को करीब 1,200 रुपये गिरा था। वहीं गुरुवार को शाम 7:35 बजे तक सोने की कीमत में 1,246 रुपये की और गिरावट आई। इसके बाद सोना 1,36,763 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।

क्या है सोने का दाम

सोने का रिकॉर्ड हाई लेवल 1,40,465 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। इस लिहाज से देखा जाए तो सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 4,000 रुपये नीचे आ चुका है। हालांकि, सोने की गिरावट चांदी के मुकाबले सीमित रही है। बाजार जानकारों के मुताबिक, चांदी और सोने में आई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह मुनाफावसूली है। रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने मुनाफा बुक करना शुरू कर दिया, जिससे कीमतों पर दबाव बना। चांदी में यह दबाव ज्यादा देखने को मिला क्योंकि हाल के दिनों में इसमें तेज उछाल आया था।

गुरुवार को चांदी का भाव

इंटरनेशनल मार्केट की बात करें तो गुरुवार, 8 जनवरी को चांदी का भाव करीब 75.8 से 83.6 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के दायरे में रहा। ये स्तर अभी भी रिकॉर्ड हाई के आसपास माना जा रहा है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का स्पॉट प्राइस करीब 4,428 से 4,465 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के बीच रहा। यानी वैश्विक स्तर पर सोना और चांदी दोनों अब भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। आगे आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर वैश्विक संकेतों, डॉलर की चाल और बड़े ट्रेडर्स की गतिविधियों पर बनी रहेगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मुनाफावसूली का दबाव बना रहेगा, तब तक कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Leave a comment