Gold Price Today: कुछ दिनों की गिरावट के बाद एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती खरीदारी के कारण सोने के दाम में बड़ा उछाल आया है। बाजार के जानकारों का कहना है कि कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ज्वेलर्स फिलहाल सोने की खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन कीमतों में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए वे सावधानी भी बरत रहे हैं। दूसरी ओर, चीन में सोने की मांग बढ़ने से भी वैश्विक बाजार को मजबूती मिली है।
कितनी हुई बढ़ोतरी?
शुक्रवार को सोने की कीमत में 2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव 1,47,773 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। पिछले एक सप्ताह में सोना करीब 7,000 रुपये महंगा हो चुका है। वहीं मंगलवार को इसकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। पिछले पांच सप्ताह में पहली बार सोना बढ़त की ओर बढ़ा है। स्पॉट मार्केट में सोने का भाव 4,184.75 डॉलर प्रति औंस और अगस्त डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर 4,197.20 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है।
चांदी की कीमतों में भी उछाल
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई है। पिछले एक सप्ताह में चांदी करीब 16,000 रुपये तक महंगी हो गई है। इससे बुलियन बाजार में भी कारोबार तेज हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका में रोजगार के आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहने के बाद यह संभावना बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व निकट भविष्य में ब्याज दरों में बढ़ोतरी नहीं करेगा। इसी वजह से निवेशकों का रुझान फिर से सोने की ओर बढ़ा है।
क्या कहते है जानकार?
कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि जो लोग सोने या चांदी में निवेश करना चाहते हैं, उन्हें एक साथ बड़ी खरीदारी करने के बजाय कीमतों में गिरावट आने पर थोड़ा-थोड़ा निवेश करना चाहिए। लंबी अवधि के निवेशकों के लिए गोल्ड और सिल्वर ETF में SIP एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है। इससे बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम भी कम होता है और धीरे-धीरे बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना रहती है।
Also read: Food Inflation: महंगाई पर मंडराया मानसून का असर, FY27 में खाद्य मुद्रास्फीति 6% रहने का अनुमान