
Bhojpuri Actress Akshara Singh: भोजपुरी की मशहूर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें फोन कर ये रकम मांगी गई है। फोन करने वाले ने रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। मिला जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 नवंबर की देर रात की है। उन्हें एक मिनट के अंतराल में दो बार धमकी भरे कॉल आए हैं। एक रिपोर्ट की मानें तो अक्षरा के रात के 12:20 बजे और 12:21 बजे कॉल आए हैं।
पहले फोन करने वाले ने 50 लाख रुपये की रंगदारी देने की डिमांड की है। इसके साथ फोन करने वाले ने कहा है कि यदि 2 दिन के अंदर ये रकम नहीं दी गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि उनसे गाली-गलौज भी की गई है।
दानापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अक्षरा सिंह ने एक करीबी की मदद से बिहार के दानापुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। इस शिकायत में उन्होंने दो मोबाइल नंबरों का भी जिक्र किया है। जिनसे उन्हें धमकी भरे कॉल आए थे। उनकी इस शिकायत के बाद पुलिस तुरंत जांच में जुट गई है।
इसी बीच, दानापुर थाना प्रभारी प्रशांत भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें अक्षरा की तरफ से लिखित शिकायत मिली हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमने आवेदन पर संज्ञान लिया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें, साल 2010 में अक्षरा ने भोजपुरी स्टार रवि किशन के साथ फिल्म 'सत्यमेव जयते' से एक्टिंग डेब्यू किया था। अक्षरा भोजपुरी के बड़े एक्टर्स पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के साथ कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो अक्षरा भोजपुरी की सबसे पॉपुलर और सबसे ज्यादा पेड एक्ट्रेस में से एक है।
Leave a comment