Delhi Police Traffic Advisory: स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल को देखते हुए 13 अगस्त को दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। लाल किले पर 15 अगस्त को होने वाले समारोह की रिहर्सल 13 अगस्त को होगी। सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए लाल किले के आसपास कई प्रमुख सड़कों को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक आम वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। इन रास्तों पर केवल वैध रिहर्सल लेबल वाले वाहनों को जाने की अनुमति होगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और राजघाट से ISBT के बीच रिंग रोड का कुछ हिस्सा प्रभावित रहेगा। लोगों को इंडिया गेट सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, नेताजी सुभाष मार्ग और जेएल नेहरू मार्ग से बचने की सलाह दी गई है।
मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध
12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। नजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच सामान ढोने वाले वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं अंतरराज्यीय बसों को महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच चलने की अनुमति नहीं होगी। DTC समेत स्थानीय बसों के रूट भी बदले जाएंगे। उत्तर-दक्षिण दिशा में आने-जाने वाले लोग अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्व-पश्चिम आवाजाही के लिए NH-24/NH-9, बारापुला रोड, विकास मार्ग, IP मार्ग और DDU मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ये रास्ते रहेंगे बंद
यमुना पार करने के लिए निजामुद्दीन ब्रिज, पुस्ता रोड, GT रोड और युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। हालांकि ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांतिवन की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। लाल किले, जामा मस्जिद और दिल्ली मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली कई बसों को तय स्थानों पर ही रोक दिया जाएगा। सामान्य बस सेवाएं 13 अगस्त सुबह 11 बजे के बाद सामान्य होने की उम्मीद है।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग वैकल्पिक रास्ते बताए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और ISBT कश्मीरी गेट जाने वाले यात्रियों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। LNJP अस्पताल पहुंचने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से अपील की गई है कि वे कैमरा, दूरबीन, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, लाइटर, टिफिन और पानी की बोतल जैसी चीजें लेकर न जाएं। किसी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और संदिग्ध गतिविधि या वस्तु दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना दें। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने गंतव्य के लिए समय से पहले निकलें और आखिरी समय की भीड़ से बचें।
Also read: Telangana News: तेलंगाना के संगारेड्डी में ऑटो-रिक्शा और ट्रक की भीषण टक्कर, 6 लोगों की मौत, 6 घायल