
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का अभिवादन किया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानि पार्टी की छोटी सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की भावना को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी। आज उसका विधि पूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सदी में वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी सहित हमारे कई साथियों ने संगठन को विस्तार दिया है। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित शाह के नेतृत्व में देश के अनेक राज्यों में भाजपा की सरकार बनी। फिर जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से संसद तक और सशक्त हुई। मैं पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।
मैं एक कार्यकर्ता हूं और वे मेरे 'बॉस' हैं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतनी ही बड़ी प्राथमिकता कार्यकर्ता के निर्माण की भी है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए, 25 साल से लगातार सरकार के प्रमुख रहे हैं। ये सब अपनी जगह पर है लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है और जब बात पार्टी के विषयों पर आती है तब नितिन नबीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूं और वे मेरे 'बॉस' हैं।
21वीं सदी के पहले 25 वर्ष तो पूरे भी हो चुके हैं- पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी, "यह 21वीं सदी है और देखते ही देखते 21वीं सदी के पहले 25 वर्ष तो पूरे भी हो चुके हैं, आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण है। यह वह कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और होना तय है। इस महत्वपूर्ण कालखंड की शुरुआत में नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आजकल के युवाओं की भाषा में, नितिन नबीन खुद भी एक प्रकार से 'मिलेनियल' हैं, वे उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन होते देखे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस वर्ष जनसंघ की स्थापना को 75 वर्ष हो रहे हैं। इन 75 वर्षों में लगातार लक्षवेधी कार्यकर्ताओं ने, अनेक परिवारों ने, अनेक पीढ़ियों ने जो त्याग, तपस्या या बलिदान दिए हैं मैं उन्हें आदरपूर्ण नमन करता हूं। जनसंघ रूपी वटवृक्ष ,से ही भाजपा का जन्म हुआ और भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। ये सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है, इतना नहीं है। देश के राजनीतिक समीक्षकों को दुनिया को ये बात बतानी चाहिए कि भारत एक ऐसा देश है जिसकी रगों में इसकी मजबूती से लोकतंत्र चल रहा है कि जहां दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भाजपा एक संस्कार है। भाजपा एक परिवार है। हमारे यहां 'मेंबरशिप' से भी ज्यादा 'रिलेशनशिप' होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती।"
Leave a comment