
Weather Update:देशभर में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली में 18फरवरी को अधिकतम तापमान 26-28डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11-13डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मंगलवार को दिनभर ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे हल्की ठंड महसूस होगी। 19और 20फरवरी को सुबह हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हल्का कोहरा भी छा सकता है और तेज हवाएं चल सकती हैं।
गुरुग्राम और नोएडा में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी इसी तरह का मौसम रहेगा। इन शहरों में अधिकतम तापमान 27-28डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12-13डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश के बाद तापमान में 2-3डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6डिग्री अधिक रहा।
उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में भी 19और 20फरवरी को मौसम बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, रामपुर और गौतमबुद्ध नगर समेत 15जिलों में बारिश हो सकती है। 21, 22और 23फरवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन कुछ हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना है। बिहार में भी तापमान बढ़ रहा है, जहां अधिकतर जिलों में तापमान 30डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हालांकि, आने वाले दिनों में वहां भी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में 19और 20फरवरी को कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में भी 19और 20फरवरी को बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पंजाब में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, लेकिन 19और 20फरवरी को बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में तापमान सामान्य से अधिक
इस साल सर्दियों में जम्मू-कश्मीर में कम बारिश होने से तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। हालांकि, अगले 48 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 21 फरवरी से मौसम में सुधार होने की संभावना है।
Leave a comment