
Delhi News: राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां लूट का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी। मामला बवाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई
जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय प्रमोद नाम का युवक पार्क में खड़ा था, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंचे और लूटने की कोशिश करने लगे। बदमाशों ने चाकू की नोक पर युवक को डराने की कोशिश की, लेकिन प्रमोद ने लूट का विरोध किया, तो गुस्साए बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में प्रमोद को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रमोद बवाना सेक्टर-3 स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तालाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई, और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल बवाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a comment